महाराजगंज जनपद के घुघली क्षेत्र के तिवारी बाजार में सोमवार को दिनदहाड़े एक कंपाउंडर पर लोहे के पाइप से हमला किया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, पतरेगवा थाना सिंदुरिया निवासी राहुल वर्मा (पुत्र चूल्हई वर्मा) तिवारी बाजार स्थित डॉ. डी. के. पाण्डेय के अस्पताल में कंपाउंडर के रूप में कार्यरत है। बताया जा रहा है कि सोमवार को जैसे ही वह अस्पताल से बाहर निकला, पहले से घात लगाए बैठे उसके रिश्तेदार सदानंद वर्मा (पुत्र अशोक वर्मा) ने उस पर लोहे के पाइप से हमला कर दिया। हमले की गंभीरता इतनी थी कि राहुल मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल राहुल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) घुघली भेजा गया। वहां से हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में परिजन उसे KMC अस्पताल ले गए, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, यह हमला पुरानी रंजिश का परिणाम बताया जा रहा है। घुघली थाना प्रभारी गौरव सिंह ने बताया कि आरोपी सदानंद वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply