मधेपुरा शहर के डीएवी पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को लायंस क्लब की ओर से विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच के लिए शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन चिकित्सकों की टीम एवं विद्यालय के प्राचार्य डॉ. दीनबंधु शरण द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूकता और नियमित जांच के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। स्वास्थ्य शिविर के दौरान चिकित्सकों की टीम ने करीब 700 विद्यार्थियों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया। इसके साथ ही विद्यार्थियों की आंखों एवं दांतों की भी गहन जांच की गई। स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर बीमारियों से बचाने की सलाह जांच के क्रम में बच्चों को व्यक्तिगत परामर्श देते हुए स्वास्थ्य, स्वच्छता, संतुलित आहार एवं नियमित व्यायाम के महत्व की जानकारी दी गई। चिकित्सकों ने बताया कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर कई बीमारियों से बचाव संभव है। प्राचार्य डॉ. दीनबंधु शरण ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शारीरिक स्वास्थ्य का अच्छा होना अत्यंत आवश्यक है। विद्यालय प्रबंधन छात्रों के स्वास्थ्य को लेकर सदैव सजग रहता है और आगे भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। लायंस क्लब के अध्यक्ष इंद्रनील घोष ने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच से बीमारियों की समय रहते पहचान हो जाती है, जिससे उनका सही उपचार संभव हो पाता है और बच्चों का भविष्य सुरक्षित बनता है। शिविर में शामिल विशेषज्ञ चिकित्सकों में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. संजय कुमार एवं डॉ. विवेक कुमार, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. राज किशोर कुमार एवं डॉ. अंजली तथा स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नायडू शामिल थीं। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नायडू ने विद्यालय में अध्ययनरत सीनियर कक्षा की छात्राओं एवं महिला शिक्षिकाओं का विशेष रूप से मार्गदर्शन किया। उन्होंने किशोरावस्था एवं बढ़ती उम्र में होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं, उनके लक्षणों और बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी। कैंप में डॉ. अंजनी कुमार ने बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की और आवश्यक सलाह दिए। उन्होंने कहा कि लायंस क्लब की ओर से स्कूलों में बच्चों के स्वास्थ्य की जांच के लिए कैंप का आयोजन किया जा रहा है।
https://ift.tt/pAKod6y
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply