जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जमुई के देखरेख में रविवार को जमुई जिले के कल्याणपुर गांव स्थित उत्क्रमित मध्य स्कूल, वार्ड संख्या–21 में एक विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को विधिक साक्षरता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकार के पैनल वकील प्रसादी शाह एवं पारा विधिक सेवक स्मिता कुमारी ने किया। शिविर में ग्रामीणों की अच्छी-खासी भागीदारी देखने को मिली। वायु प्रदूषण बन चुका है गंभीर चुनौती कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पैनल वकील प्रसादी शाह ने कहा कि आधुनिक समय में पर्यावरण, विशेषकर वायु प्रदूषण, एक गंभीर समस्या के रूप में उभर चुका है। उन्होंने कहा कि आज कई महानगरों की हवा सांस लेने योग्य नहीं रह गई है, जिससे दमा, हृदय रोग और अन्य गंभीर बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। प्रदूषण कम करने के लिए दिए व्यावहारिक सुझाव प्रसादी शाह ने लोगों से अपील की कि छोटी दूरी की यात्राओं के लिए वाहनों का कम से कम उपयोग करें और साइकिल का प्रयोग बढ़ाएं। उन्होंने कार पुलिंग को अपनाने, ईंधन की बचत करने और प्रदूषण कम करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्युत और गैस से चलने वाले वाहनों के प्रयोग से वायु प्रदूषण को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। इसके साथ ही कचरे के समुचित प्रबंधन से मृदा और जल प्रदूषण को रोकने में भी मदद मिलती है। निःशुल्क विधिक सेवाओं की दी जानकारी शिविर के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही निशुल्क विधिक सेवाओं की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि गरीब, असहाय और जरूरतमंद व्यक्ति विधिक सहायता, परामर्श और न्याय तक पहुंच के लिए प्राधिकार से संपर्क कर सकते हैं। महिला अधिकारों और कार्यस्थल सुरक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में कार्यस्थल पर महिलाओं के साथ होने वाले लैंगिक उत्पीड़न के विषय पर भी विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं को सम्मान और समान अवसर देकर ही कार्यस्थल का वातावरण सुरक्षित और सकारात्मक बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं के प्रति व्याप्त रूढ़ीगत सोच को बदलना समय की मांग है। महिला सशक्तिकरण के बिना समाज और देश की प्रगति संभव नहीं है। ग्रामीणों ने की सराहना शिविर में वार्ड संख्या–21 के वार्ड सदस्य कुलदीप यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि इससे लोगों में कानून, अधिकार और कर्तव्यों को लेकर समझ बढ़ती है। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
https://ift.tt/x5ursAP
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply