DniNews.Live

मथुरा-वृंदावन में 1 अप्रैल से फॉगिंग अभियान:70 वार्डों में छिड़काव, 10 अप्रैल से दस्तक अभियान भी शुरू

मथुरा-वृंदावन में मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को रोकने के लिए नगर निगम ने तैयारी तेज कर दी है। शहरवासियों को मच्छरजनित बीमारियों से बचाने के उद्देश्य से 1 अप्रैल से सभी 70 वार्डों में व्यापक फॉगिंग अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान विशेष मशीनों से दवाइयों का छिड़काव कर मच्छरों को नष्ट किया जाएगा। हाल ही में हुई बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया था। इन स्थानों पर गंदगी जमा होने से मच्छरों के पनपने की संभावना बढ़ गई है। वर्तमान में भी कई क्षेत्रों में मच्छरों की संख्या बढ़ने से लोग बुखार, खांसी और अन्य संक्रामक बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। नगर निगम के नगर स्वास्थ्य अधिकारी रामगोपाल सिंह ने बताया कि 1 अप्रैल से सात मशीनों के माध्यम से नियमित फॉगिंग शुरू की जाएगी। यह अभियान सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा, ताकि किसी भी क्षेत्र में मच्छरों को पनपने का मौका न मिले। फॉगिंग के साथ ही 10 अप्रैल से संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत ‘दस्तक अभियान’ भी शुरू होगा। यह अभियान जिलाधिकारी के निर्देशन में चलाया जाएगा और इसकी निगरानी मुख्य चिकित्सा अधिकारी करेंगे। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगी और आवश्यक जांच व दवाइयों की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगी। नगर आयुक्त जग प्रवेश ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य समय रहते मच्छरों पर नियंत्रण कर शहर को बीमारियों से सुरक्षित रखना और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाना है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *