मथुरा के राया थाना क्षेत्र में वाहन हटाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शुक्रवार रात हुई इस घटना में एक युवक का कान काटकर अलग कर दिया गया, जबकि दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। घटना शुक्रवार रात की है। गांव सूरज निवासी ओमवीर उर्फ गुल्ला अपनी स्कूटी से घर लौट रहा था। सूरज फाटक पर रेलवे क्रॉसिंग खुलने के बाद वह अपनी स्कूटी साइड में कर रहा था। इसी दौरान पीछे से डीजे लगी एक मैक्स गाड़ी आ गई, जिसका चालक लगातार हॉर्न बजा रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। आरोप है कि मैक्स चालक दीपू, निवासी अछनेरा (आगरा), और उसके साथ आए करीब आधा दर्जन लोगों ने ओमवीर पर हमला कर दिया। इस दौरान दीपू ने ओमवीर का कान मुंह से काटकर अलग कर दिया। ओमवीर को बचाने आए उसके साथी शिवकुमार को भी आरोपियों ने पीटकर घायल कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी दीपू और उसके साथी यतेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त मैक्स गाड़ी को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने पर थाने पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मामले में दूसरे समुदाय के लोगों द्वारा भी मारपीट किए जाने के आरोप सामने आए हैं, जिनकी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply