मथुरा में आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया। थाना गोविंद नगर क्षेत्र के अंतर्गत गोकुल रेस्टोरेंट के पास स्थित फ्लाईओवर पर ट्रैक्टरों से भरा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर रेलिंग और डिवाइडर के बीच फंसकर हवा में लटक गया। गनीमत रही कि ट्रेलर नीचे नहीं गिरा, जिससे जनहानि टल गई। अब विस्तार से पढ़िए पूरा मामला ट्रेलर में लगभग 10 नए ट्रैक्टर लदे हुए थे और वह दिल्ली से आगरा की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रेलर गोकुल रेस्टोरेंट के समीप फ्लाईओवर पर पहुंचा, चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया। अनियंत्रित ट्रेलर ने रेलिंग तोड़ दी और उसका आधा हिस्सा हवा में लटक गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह हादसा बेहद भयावह हो सकता था। घटना स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई। ट्रेलर का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह दुर्घटना हुई। घटना की सूचना मिलते ही थाना गोविंद नगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभाला और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply