DniNews.Live

मथुरा में रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव:होटल में काम करता था, परिजन ने हत्या की आशंका

मथुरा के भूतेश्वर क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है। तलाशी के दौरान मृतक की पहचान 25 वर्षीय धर्मेंद्र के रूप में हुई, जो फिरोजाबाद जिले के नगला महादेव, थाना पचोकरा का निवासी था। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद परिवार में शोक छा गया। शुक्रवार को परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। मृतक के पिता गिरीश कुमार ने बताया कि धर्मेंद्र कई वर्षों से गोवर्धन स्थित राधा स्वामी होटल में काम कर रहा था। वह गुरुवार को अपने बड़े भाई के पास गुजरात जाने के लिए निकला था। वह 23 मार्च को अपनी भतीजी के जन्मदिन में शामिल होने जा रहा था और यात्रा के लिए उसने होटल मालिक से लगभग ढाई हजार रुपये भी लिए थे। परिजनों के अनुसार, धर्मेंद्र को ट्रेन से गुजरात पहुंचना था, लेकिन इससे पहले ही उसका शव रेलवे ट्रैक पर मिला। उसकी मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पिता ने बताया कि बेटे की जेब से न तो पैसे मिले हैं और न ही मोबाइल। केवल उसके कपड़े और ठेला बरामद हुआ है। परिजनों को आशंका है कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि कुछ और हो सकता है। जीआरपी पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *