शुक्रवार सुबह मथुरा में हुई मूसलाधार बारिश के बाद शहर के कई प्रमुख इलाकों में जलभराव हो गया। इससे मथुरा-वृंदावन नगर निगम के जल निकासी के दावों पर सवाल उठ गए हैं और आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। शहर के कंकाली रोड क्षेत्र में बस स्टैंड के पास घुटनों तक पानी भर गया। राहगीरों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा, जिससे स्थानीय नागरिकों में नगर निगम के प्रति भारी नाराजगी देखी गई। सबसे पहले ये तस्वीरें देखिए भूतेश्वर रेलवे पुल के नीचे भी जलभराव के कारण आवागमन बाधित हुआ। पानी भरने से कई वाहन बंद हो गए, जिन्हें चालकों को धक्का देकर निकालना पड़ा। इससे लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी हुई। सड़कों पर गंदा पानी भर जाने से पैदल राहगीरों और दुकानदारों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस संबंध में नगर आयुक्त जग प्रवेश ने बताया कि जलभराव की समस्या के समाधान के लिए विभाग द्वारा योजना बनाई गई है और पाइपलाइन डालने का कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि जहां-जहां जलभराव की समस्या आ रही है, वहां अस्थायी रूप से पंपसेट लगाकर पानी की निकासी कराई जा रही है ताकि लोगों को राहत मिल सके। हालांकि, स्थानीय निवासी दीपक शर्मा और योगेश कुमार का कहना है कि यह समस्या वर्षों पुरानी है। उनकी शिकायत है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अभी तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है, जिससे हर बारिश में उन्हें ऐसी ही परेशानी झेलनी पड़ती है। नगर निगम के दावों और जमीनी हकीकत के बीच का यह अंतर एक बार फिर सामने आया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस समस्या का जल्द से जल्द स्थायी समाधान करने की मांग की है।

Leave a Reply