मथुरा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के निर्देश पर पुलिस प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। यह कदम अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है। हाल ही में कोसीकला थाना क्षेत्र और छाता इलाके में गौ रक्षक फरसा बाबा की मौत के बाद उत्पन्न तनावपूर्ण स्थिति के मद्देनजर ग्रामीण क्षेत्रों में गश्त तेज कर दी गई है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने महावन कस्बे में पैदल गश्त की। उन्होंने स्थानीय लोगों से सीधा संवाद स्थापित कर शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से सहयोग की अपेक्षा करते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया। ग्रामीण क्षेत्रों में देर रात तक पुलिस की सक्रियता जारी है। संदिग्ध वाहनों की सघन तलाशी ली जा रही है, जबकि विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी कर आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग की जा रही है। सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतते हुए लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि संवेदनशील इलाकों के साथ-साथ अन्य स्थानों पर भी नियमित रूप से चेकिंग और गश्त की जा रही है। इसका उद्देश्य किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन की इस सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल बना है। पुलिस का लक्ष्य है कि आमजन में विश्वास और सुरक्षा की भावना बनी रहे।

Leave a Reply