DniNews.Live

मथुरा में परिवार के दो गुटों में मारपीट:पुरानी रंजिश में 6 लोग घायल, पुलिस तैनात; लाठी डंडे चले

मथुरा के राया थाना क्षेत्र के नीम गांव में रविवार सुबह करीब 7 बजे एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले, जिसमें महिलाओं और पुरुषों सहित लगभग आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत शुक्रवार को गांव में लगे देवी मेले के दौरान बच्चों के बीच हुई कहासुनी से हुई थी। उस समय विवाद को शांत करा दिया गया था, लेकिन दोनों पक्षों के बीच अंदरूनी तनाव बना हुआ था। रविवार सुबह इसी पुरानी बात को लेकर भोला और राजपाल पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला करते दिख रहे हैं। झड़प में घायल हुए लगभग आधा दर्जन से अधिक को गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही राया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। भोला पक्ष का आरोप है कि राजपाल पक्ष के लोगों ने उनके घर पर हमला किया। वहीं, राजपाल पक्ष का कहना है कि वे खेत से लौट रहे थे, तभी दूसरे पक्ष ने उन्हें घेरकर मारपीट की और उनके घर में घुसकर हमला किया। थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। गांव में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *