DniNews.Live

मथुरा में दिखा ईद का चांद:शहर में खुशी का माहौल, बाजारों में देर रात तक खरीदारी,आज मनाई जा रही ईद

मथुरा में ईद उल फितर का चांद शुक्रवार शाम करीब 6 बजे दिखाई दिया। चांद दिखने के साथ ही पूरे शहर में खुशी और उत्साह का माहौल छा गया। मुस्लिम समाज के लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। चांद नजर आते ही शहर के प्रमुख बाजार, जिनमें घीया मंडी, भरतपुर गेट, कोतवाली रोड और होलीगेट शामिल हैं, रोशनी से जगमगा उठे। ईद की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए बाजारों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। देर रात तक खरीदारी का दौर जारी रहा, जिससे बाजारों में खास रौनक देखने को मिली। महिलाओं में ईद को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। उन्होंने चूड़ियां, कंगन, डिजाइनर सूट, सेवइयां और फैनी जैसे पारंपरिक सामान की खरीदारी की। वहीं, युवाओं ने भी ईद के मौके पर पहनने के लिए कुर्ता-पजामा, शेरवानी और अन्य रेडीमेड कपड़ों की खरीददारी की। बाजारों में उमड़ी भीड़ से दुकानदारों के चेहरे भी खिले हुए थे। व्यापारियों ने बताया कि इस बार ईद पर अच्छी बिक्री हुई है, जिससे कारोबार में रौनक लौटी है। कई दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देर रात तक बनी रही और बाजार सामान्य दिनों की तुलना में अधिक समय तक खुले रहे। रमजान के पवित्र महीने के समापन पर ईद का चांद नजर आने के साथ ही रोजेदारों ने अल्लाह का शुक्र अदा किया। उनका कहना था कि एक महीने की इबादत, रोजा और संयम के बाद ईद का त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और खुशियों का संदेश लेकर आता है, जिसे सभी लोग मिलकर हर्षोल्लास के साथ मनाते हैं।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *