DniNews.Live

मथुरा में ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी कार:महिला की मौत, 3 घायल; दर्शन कर लौट रहा था परिवार

मथुरा में आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को एक सड़क हादसा हुआ। छाता थाना क्षेत्र में संस्कृति यूनिवर्सिटी के पास एक होटल के बाहर खड़े ईंटों से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली में दिल्ली से मथुरा की ओर आ रही एक वैगनार कार पीछे से जा घुसी। इस हादसे में कार सवार एक महिला की मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल हो गए। कार में हरियाणा के जींद स्थित गीता कॉलोनी निवासी अनिल कुमार, उनकी पत्नी राधा, पुत्र वंश और पुत्री परी सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर मौजूद लोगों और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वैगनार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। सूचना मिलने पर छाता थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए जेसीबी मशीन की भी सहायता ली गई, जिसने ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटाकर कार को बाहर निकाला। सीओ छाता भूषण वर्मा ने बताया की सभी घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से केडी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान राधा की मौत हो गई। अन्य घायलों का उपचार जारी है और उनकी हालत स्थिर है। बताया जा रहा है कि यह परिवार मथुरा-वृंदावन में दर्शन करने आया था और बरसाना से दर्शन कर वृंदावन जाते समय यह हादसा हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *