मथुरा के गोकुल कस्बे स्थित मदन मोहन मंदिर में शुक्रवार को जमीन और पूजा-पाठ के अधिकार को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस विवाद में मां-बेटी सहित चार लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि मंदिर की जमीन और पूजा के अधिकार को लेकर चाचा-ताऊ के परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। शुक्रवार सुबह दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद कहासुनी मारपीट में बदल गई। झगड़े के दौरान लाठी-डंडे चले, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक चेतराम शर्मा ने बताया कि यह विवाद वर्ष 1999 से चला आ रहा है और मामला सिविल कोर्ट में विचाराधीन है। उन्होंने बताया कि एक पक्ष राजस्थान के भरतपुर से यहां कब्जे के इरादे से आया था, जिसके कारण विवाद बढ़ गया। मारपीट में मां-बेटी के घायल होने की पुष्टि हुई है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है।

Leave a Reply