DniNews.Live

मथुरा में गेहूं के खेत में मिला नरकंकाल:10-15 दिन पुराना होने की आशंका, डीएनए से शिनाख्त होगी

मथुरा के मांट थाना क्षेत्र में अधरिया गांव के पास एक गेहूं के खेत में बुधवार को नरकंकाल मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने तत्काल क्षेत्र की घेराबंदी कर मामले की जांच शुरू कर दी और फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया। पुलिस के अनुसार यह नरकंकाल तैवतिया मैरिज होम से आगे नीमगांव रोड पर स्थित ग्राम अधरिया के पास विवावली गांव के मौजा पाराशर के जंगल में सतीश शर्मा के गेहूं के खेत में पाया गया। खेत में फसल आंधी के कारण झुक चुकी थी, जिस पर कंकाल पड़ा होने की वजह से काफी समय तक किसी की नजर नहीं पड़ी। घटनास्थल से पुलिस को कंकाल के करीब पांच कदम की दूरी पर डार्क मेहंदी रंग की शर्ट और 28 कदम दूर काली पैंट बरामद हुई। पास में चप्पलें भी मिलीं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। सभी बरामद वस्तुओं को पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच के लिए सुरक्षित कर लिया है। इस बीच अलीगढ़ से आए युवक दुर्गेश ने कपड़ों और चप्पलों के आधार पर कंकाल अपने भाई पिंटू सिंह का होने की आशंका जताई। परिजनों के अनुसार पिंटू सिंह अलीगढ़ के नयावांस का निवासी था और एक ढाबे पर काम करता था। वह शराब का आदी था और 24 मार्च से लापता था। मांट थाना प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में नरकंकाल लगभग 10 से 15 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शव की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है। परिजनों द्वारा जताई गई आशंका के बाद डीएनए परीक्षण के माध्यम से पहचान की पुष्टि की जाएगी। पुलिस फिलहाल मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *