![]()
मथुरा में कांग्रेस का प्रदर्शन:फसल नुकसान पर सीएम को ज्ञापन देने जा रहे कार्यकर्ता रोके गए, कुछ हिरासत में
मथुरा में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर के नेतृत्व में कार्यकर्ता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन देने जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें होली गेट चौराहे पर रोक लिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया गया। बाद में, एसडीएम सुशील कुमार को ज्ञापन सौंपा गया। मुकेश धनगर ने बताया कि हाल ही में हुई बेमौसम बारिश और भारी ओलावृष्टि के कारण किसानों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। उन्होंने कहा कि किसानों ने कड़ी मेहनत और पूंजी लगाकर फसलें तैयार की थीं, लेकिन प्राकृतिक आपदा ने उन्हें गंभीर आर्थिक संकट में डाल दिया है। धनगर के अनुसार, पहले से कर्ज में डूबे किसानों की स्थिति और खराब हो गई है, इसलिए उन्हें तत्काल राहत की आवश्यकता है। ज्ञापन में कांग्रेस ने सात प्रमुख मांगें उठाईं। इनमें फसलों के नुकसान का विशेष सर्वे कराकर गेहूं किसानों को प्रति एकड़ एक लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग शामिल है। इसके अतिरिक्त, किसानों के सरकारी ऋण माफ करने और नहरों व माइनरों की सफाई कराकर सिंचाई व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग भी की गई। कार्यकर्ताओं ने यमुना नदी में गिर रहे गंदे नालों को बंद कर प्रदूषण रोकने की भी मांग की। उन्होंने स्मार्ट मीटर के नाम पर हो रहे उत्पीड़न को बंद करने और बिजली आपूर्ति में सुधार करने की बात कही। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार के 24 घंटे बिजली आपूर्ति के दावे जमीनी स्तर पर पूरे नहीं हो रहे हैं। इसके साथ ही, कांग्रेस नेताओं ने शहर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या और जाम से निजात दिलाने की मांग की। उन्होंने निजी स्कूलों द्वारा मनमानी फीस वसूली पर रोक लगाने की भी मांग उठाई। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply