मथुरा में ओलावृष्टि से फसलें बर्बाद:सपा कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, मुआवजे की मांग की
![]()
मथुरा में ओलावृष्टि से फसलें बर्बाद:सपा कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, मुआवजे की मांग की
मथुरा में हाल ही में हुई तेज हवाओं, बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। इससे गेहूं की तैयार खड़ी फसलें बर्बाद हो गई हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। इस स्थिति को लेकर समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल राहत की मांग की है। समाजवादी पार्टी के नेता अनिल अग्रवाल ने बताया कि बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने पूरे जनपद के किसानों को संकट में डाल दिया है। खेतों में खड़ी फसलें गिरकर खराब हो गई हैं, जिससे किसानों की आय पर सीधा असर पड़ा है। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों का जल्द सर्वे कराकर नुकसान का सही आकलन करने और किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की। ज्ञापन में चार प्रमुख मांगें रखी गई हैं। इनमें फसलों के नुकसान का तत्काल आकलन कर मुआवजा देना, किसानों के कृषि ऋण माफ करना, बिजली विभाग द्वारा बिल भुगतान के लिए किसानों पर दबाव न बनाना और सभी प्रभावित किसानों को किसान बीमा योजना का लाभ शीघ्र दिलाना शामिल है। पार्टी पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही किसानों को राहत नहीं मिली तो आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से तत्काल प्रभाव से कार्यवाही करने की अपील की है, ताकि संकटग्रस्त किसानों को राहत मिल सके।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
