मथुरा में ‘इनफ्लुएंशियल टीचर अवार्ड 2026’ का आयोजन:80 से अधिक शिक्षकों को सम्मानित किया गया
![]()
मथुरा में ‘इनफ्लुएंशियल टीचर अवार्ड 2026’ का आयोजन:80 से अधिक शिक्षकों को सम्मानित किया गया
मथुरा में शनिवार शाम ‘इनफ्लुएंशियल टीचर अवार्ड 2026 – ग्रुप ईस्ट’ का आयोजन किया गया। शारदा यूनिवर्सिटी आगरा द्वारा मथुरा के एक स्थानीय होटल में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 80 से अधिक शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इसका उद्देश्य जनपद भर के शिक्षकों की उल्लेखनीय उपलब्धियों को सराहनीय करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन और पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद मंचासीन अतिथियों ने शिक्षकों की भूमिका और उनके योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए। यूनिवर्सिटी के डायरेक्टर आउटरीच साइबल चटर्जी ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता को बढ़ावा देना संस्थान का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने शिक्षकों को समाज निर्माण की आधारशिला बताते हुए उनके समर्पण और कार्यों की सराहना की। मुख्य अतिथि डॉ. आकाश अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने के साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण में अहम योगदान देते हैं। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन शिक्षकों को बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम में डॉ. संजय मिश्रा और अन्य प्राध्यापकों ने भी शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान का आदान-प्रदान नहीं, बल्कि यह विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की प्रक्रिया है। इस दौरान मथुरा जनपद के लगभग 30 विद्यालयों से आए 80 से अधिक शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट कार्य, समर्पण और विद्यार्थियों की सफलता में उनके अमूल्य योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
