![]()
मथुरा में आप की पदयात्रा, दूसरे दिन गोकुल पहुंची:संजय सिंह बोले- यूपी में युवा बेरोजगार, महंगाई से लोग परेशान
आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह की “रोजगार दो–सामाजिक न्याय दो” पदयात्रा को दूसरे दिन मथुरा के ब्रज क्षेत्र में लगातार जनसमर्थन मिल रहा है। यात्रा बलदेव से महावन होते हुए गोकुल पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं, किसानों, महिलाओं और मजदूरों ने हिस्सा लिया। उन्होंने रोजगार और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर अपना समर्थन व्यक्त किया। रास्ते भर लोगों ने फूल मालाओं से स्वागत कर यात्रा को समर्थन दिया। संजय सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी और सामाजिक असमानता एक गंभीर समस्या है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में सरकारी भर्तियां लंबे समय से लंबित हैं। युवाओं को संविदा व्यवस्था पर निर्भर रहना पड़ रहा है। उन्होंने लाखों युवाओं को समय पर नियुक्ति न मिलने का मुद्दा भी उठाया। किसानों की समस्याओं पर भी बात की, जिसमें उपज का उचित मूल्य न मिलना और बढ़ती महंगाई शामिल है। उन्होंने दलितों, पिछड़ों और महिलाओं के साथ हो रहे अन्याय का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया और सरकार से इस पर जवाब मांगा। पदयात्रा में शामिल अन्य ‘आप’ नेताओं ने भी सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन प्रदेश में बदलाव की शुरुआत है और जनता अपने अधिकारों के लिए एकजुट हो रही है। ‘आप’ नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह पदयात्रा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता की आवाज को सशक्त करने का एक प्रयास है। पदयात्रा का अगला चरण गोकुल से मथुरा तक जाएगा, जिसका समापन गुरुवार को होगा। पार्टी कार्यकर्ताओं ने लोगों से समापन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply