मझोला पुलिस ने दो लुटेरे पकड़े:ऑटो-ई-रिक्शा चालकों को सुनसान जगह लूटते थे
![]()
मझोला पुलिस ने दो लुटेरे पकड़े:ऑटो-ई-रिक्शा चालकों को सुनसान जगह लूटते थे
मुरादाबाद में मझोला पुलिस ने ऑटो रिक्शा और ई-रिक्शा चालकों को निशाना बनाकर लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बैंक कॉलोनी निवासी लक्ष्य और खुशहालपुर निवासी अर्पित के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से कई एटीएम कार्ड, कुछ नकदी, एक ड्राइविंग लाइसेंस और वारदात में इस्तेमाल किया गया स्कूटर बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी पिछले कुछ समय से शहर में ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को अपना निशाना बना रहे थे। वे किसी बहाने से चालकों को सुनसान इलाकों में ले जाते थे। वहां पहुंचने के बाद आरोपी चालकों से मारपीट करते और धमकाकर उनके पास मौजूद नकदी, और अन्य जरूरी सामान लूट लेते थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसी स्कूटर से मौके से फरार हो जाते थे, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था। मझोला थाना पुलिस को जैसे ही इस मामले की सूचना मिली, टीम ने सक्रियता दिखाते हुए दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर लक्ष्य और अर्पित को गिरफ्तार कर लिया। मामले का खुलासा करते हुए एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में दोनों ने तीन से चार लूट की घटनाओं में शामिल होने की बात कबूल की है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
