मऊ जिले के कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव और भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने संयुक्त रूप से 13 आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों और 899 सहायिकाओं को ये पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव ने सभी नवनियुक्त कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण कड़ी होती हैं। बच्चों के प्रारंभिक विकास, उनके पोषण और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी इन्हीं पर होती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी कर्मी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देंगी। मुख्य विकास अधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी और बाल विकास परियोजना अधिकारियों को निर्देश दिए कि नवनियुक्त कर्मियों को जल्द ही विभागीय कार्यों के साथ-साथ तकनीकी पोषण ट्रैकर ऐप का प्रशिक्षण दिया जाए। इससे वे अपने कार्यों को प्रभावी ढंग से कर सकेंगी। भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप पारदर्शी चयन प्रक्रिया के माध्यम से योग्य अभ्यर्थियों को यह अवसर दिया गया है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी अजीत कुमार सिंह ने बताया कि शेष अभ्यर्थियों के नियुक्ति पत्र विकास खंड और परियोजना स्तर पर वितरित किए जाएंगे। चयनित अभ्यर्थियों की सूची विकास भवन मऊ, सभी विकास खंड कार्यालयों और सीडीपीओ कार्यालयों के सूचना पट्ट पर उपलब्ध है। जिन अभ्यर्थियों ने मूल अभिलेख सत्यापन कराया है, वे 31 मार्च 2026 को अपना परिणाम देख सकते हैं। उन्होंने आगे बताया कि विकास खंड घोसी, दोहरीघाट, बड़रांव, परदहां और कोपागंज के अभ्यर्थियों को 1 अप्रैल 2026 को नियुक्ति पत्र मिलेंगे। रतनपुरा, शहर और मोहम्मदाबाद गोहना के अभ्यर्थियों को 2 अप्रैल 2026 को, जबकि रानीपुर एवं फतेहपुर मण्डाव के अभ्यर्थियों को 4 अप्रैल 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय, विकास भवन से नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।

Leave a Reply