मऊ में ‘स्कूल चलो अभियान’ का शुभारंभ:बच्चों ने सुनी मुख्यमंत्री योगी की स्पीच, बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत
![]()
मऊ में ‘स्कूल चलो अभियान’ का शुभारंभ:बच्चों ने सुनी मुख्यमंत्री योगी की स्पीच, बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत
मऊ जिले के खुखुंदवा कोपागंज स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र पर शनिवार को ‘स्कूल चलो अभियान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों, अधिकारियों और जन प्रतिनिधियों ने एलईडी डिजिटल बोर्ड लगी वैन के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन सुना। कार्यक्रम में नए शिक्षा सत्र में प्रवेश लेने वाले बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र ने बच्चों को किताबें वितरित कीं। विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर बच्चों ने ‘स्कूल चलो रैली’ भी निकाली। ब्लॉक स्तरीय इस रैली को जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र और जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में बच्चों ने ‘हम बच्चों का नारा है, शिक्षा अधिकार हमारा है’ जैसे नारों के साथ अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया। शिक्षकों ने भी लोगों से बच्चों का नामांकन कराने और उन्हें प्रतिदिन विद्यालय भेजने की अपील की। जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय ने बुनियादी शिक्षा को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए अभिभावकों से अपील की कि कोई भी बच्चा प्राथमिक शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने इसे सबकी सामूहिक जिम्मेदारी बताया और ‘हर बच्चा स्कूल में हो’ के संकल्प को साकार करने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक गौतम प्रसाद और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय को आवश्यक निर्देश दिए। बीएसए और डीआईओएस ने जिलाधिकारी को छात्र नामांकन और 1 से 15 अप्रैल तक ‘स्कूल चलो अभियान’ से संबंधित दैनिक कार्यक्रमों की जानकारी दी। इस अवसर पर बीएसए संतोष कुमार उपाध्याय, डीआईओएस गौतम प्रसाद, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सर्वेश राय, बीईओ कोपागंज मुकेश कुमार, ओपी तिवारी, डीसी आलोक सिंह, चंद्रप्रकाश श्रीवास्तव सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
