मऊ के चकमेहंदी में जमीन विवाद पर हिंसक झड़प:लाठी-डंडे, फावड़े चले; दोनों पक्षों पर मुकदमा दर्ज
![]()
मऊ के चकमेहंदी में जमीन विवाद पर हिंसक झड़प:लाठी-डंडे, फावड़े चले; दोनों पक्षों पर मुकदमा दर्ज
मऊ जनपद के सरायलखन्सी थाना क्षेत्र के चकमेहंदी गांव में जमीन पर कब्जे को लेकर हुए विवाद हो गया।इस दौरान दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे, फावड़े, ईंटें और लोहे की रॉड चलीं, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना एक प्रतिष्ठित स्कूल से सटी जमीन पर जबरन कब्जे के प्रयास के दौरान हुई। पीड़ित पक्ष के निवासी पीयूष यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी आराजी संख्या 95, रकबा 66 कड़ी की जमीन, जो चन्द्रा इंटरनेशनल स्कूल से सटी हुई है, पर कुछ लोग अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। पीयूष यादव के अनुसार, इस जमीन पर विजय बहादुर पाल का दबदबा है, जिन्होंने पहले भी करीब 10 कड़ी जमीन पर कब्जा कर लिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि 2 अप्रैल 2026 की सुबह लगभग 09:20 बजे वीरेंद्र यादव, धर्मराज और 3-4 अज्ञात लोग हथियारों से लैस होकर मौके पर पहुंचे। इन लोगों ने जमीन पर जबरन मिट्टी गिराकर कब्जा करना शुरू कर दिया। जब पीयूष यादव ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर उनके भाई और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला। सरायलखन्सी थाना प्रभारी संजय सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसी जमीन को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है, जिसके संबंध में दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं और मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
