मंदिर से मां दुर्गा की अष्टधातु की मूर्ति चोरी:पीतल का विशाल घंटा भी गायब, एटा में ग्रामीणों में भारी आक्रोश
![]()
मंदिर से मां दुर्गा की अष्टधातु की मूर्ति चोरी:पीतल का विशाल घंटा भी गायब, एटा में ग्रामीणों में भारी आक्रोश
एटा जिले के सकरौली थाना क्षेत्र के नगला झडू (बलिदादपुर) गांव में एक प्राचीन मंदिर से मां दुर्गा की अष्टधातु की मूर्ति और मंदिर के घंटे चोरी हो गए। यह घटना बीती रात को हुई, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोमवार सुबह जब ग्रामीण मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि मंदिर के गर्भगृह से मां दुर्गा की प्रतिमा गायब थी और पीतल के घंटे भी नदारद थे। इस खबर के फैलते ही मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने इस चोरी पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है और इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब धार्मिक स्थल ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी। घटना की सूचना मिलते ही सकरौली थाना प्रभारी (SHO) नित्यानंद पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। चोरी की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी नित्यानंद पांडेय ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि पुलिस की कई टीमें चोरों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर दिया जाएगा और चोरी हुई मूर्ति बरामद कर ली जाएगी। इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
