अमेठी के शुकुल बाजार थाना क्षेत्र में सोमवार को एक सड़क हादसे में कामाख्या भवानी मंदिर से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा एक ऑटो पलट गया। इस दुर्घटना में एक ही परिवार के नौ लोग घायल हो गए, जिनमें से दो को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। यह हादसा पूरे पितई गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि सड़क पर अचानक बंदर आ जाने से ऑटो चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार मचने लगी। आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत घायलों को वाहन से बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से सीएचसी शुकुल बाजार अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। इनमें से विंध्यवासिनी सिंह और रीता सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलों में उदयराज सिंह, उनकी पत्नी विंध्यवासिनी सिंह, सुनीता सिंह, रीता सिंह, सरिता सिंह, प्रीती सिंह, मानसी सिंह, आनंद सिंह और श्रेया सिंह शामिल हैं। ये सभी रायबरेली जनपद के थाना शिवगढ़ क्षेत्र के ग्राम कोडरा के निवासी बताए जा रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार, अधिकांश घायलों की हालत खतरे से बाहर है। थाना अध्यक्ष विवेक वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि श्रद्धालु दर्शन कर लौट रहे थे, तभी पूरे पितई गांव के पास ऑटो पलटने से यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि दो घायलों को रेफर किया गया है, जबकि अन्य इलाज के बाद अपने निजी वाहन से घर वापस चले गए हैं।

Leave a Reply