![]()
मंदिर भूमि पर अतिक्रमण का आरोप:जालौन में विहिप ने प्रशासन को दी आंदोलन की चेतावनी
जालौन के तहसील क्षेत्र के ग्राम कूड़ा स्थित प्रसिद्ध “माँ सिंह वाहिनी” मंदिर परिसर की भूमि को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों और विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) ने आरोप लगाया है कि मंदिर की भूमि पर अवैध कब्जे का प्रयास किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनती जा रही है। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे विहिप के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम कोंच ज्योति सिंह को एक लिखित शिकायत पत्र सौंपकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की। शिकायत में कहा गया है कि मंदिर के आसपास की जमीन पर कुछ लोगों द्वारा धीरे-धीरे अतिक्रमण किया जा रहा है। विहिप पदाधिकारियों का आरोप है कि एक गैर-हिन्दू समुदाय से जुड़े व्यक्ति द्वारा मंदिर की भूमि पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है, जिससे धार्मिक भावनाएं भी आहत हो रही हैं।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि मंदिर परिसर में लगे रिबोर (नलकूप) में समर (मोटर) डालकर उसका निजी उपयोग किया जा रहा है, जो कि मंदिर की संपत्ति का दुरुपयोग है। संगठन का कहना है कि इस प्रकार की गतिविधियां भविष्य में बड़े विवाद का कारण बन सकती हैं, इसलिए समय रहते प्रशासन को सख्त कदम उठाने चाहिए। विहिप पदाधिकारियों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि एक सप्ताह के भीतर इस प्रकरण में ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन व्यापक स्तर पर धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने पर उसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। हालांकि, इस संबंध में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन एसडीएम ज्योति सिंह ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस दौरान विहिप जिला उपाध्यक्ष साकेत शाण्डिल्य, नगर अध्यक्ष संतोष तिवारी, शिशिर प्रताप, महेंद्र चन्देरिया, सुमित अग्रवाल, सत्येंद्र गुर्जर, सचिन गुर्जर, सुमित गुर्जर, निर्मल गोस्वामी, विवेक तिवारी, गोपाल गुप्ता, शुभांशु बुंदेला, देव राजा और अंशुल ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Sourse: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply