उत्तर प्रदेश सरकार के “नवनिर्माण के 9 वर्ष” पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को विकास भवन स्थित गांधी सभागार में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान राज्य मंत्री (ग्राम्य विकास) विजय लक्ष्मी गौतम ने एक प्रदर्शनी का अवलोकन किया और प्रदेश व जनपद में हुए विकास कार्यों की जानकारी साझा की। प्रेस वार्ता के दौरान मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने पिछले नौ वर्षों में कानून व्यवस्था, सुशासन और विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रदेश निवेश, आधारभूत संरचना और डिजिटल सेवाओं के विस्तार के कारण तेजी से आगे बढ़ रहा है और निवेशकों की पहली पसंद बन रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ देवरिया जनपद में भी दिखाई दे रहा है। यहां सड़क, आवास, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से कार्य हुए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों को पक्के घर मिले हैं, वहीं हर घर जल योजना के माध्यम से पेयजल की उपलब्धता बढ़ी है। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। राज्यमंत्री ने किसान, युवा और महिला सशक्तिकरण को सरकार की प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि किसानों को किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ सीधे उनके खातों में मिल रहा है। युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं, जबकि कौशल विकास कार्यक्रमों से उन्हें प्रशिक्षित किया जा रहा है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि डिजिटल सेवाओं के विस्तार से प्रमाणपत्र सहित कई सरकारी सेवाएं अब ऑनलाइन उपलब्ध हैं, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है और लोगों को सुविधा मिल रही है। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए।

Leave a Reply