DniNews.Live

भूमाफिया पर एक्शन हो:मेयर की बाउंड्री टूटने पर विधायक ने कमिश्नर को भेजी चिट्‌ठी, बोले- सीएम मॉडल कंपोजिट स्कूल नहीं बनने देना चाहते

मुरादाबाद में भाजपा मेयर विनोद अग्रवाल और नेता अमित चौधरी की बाउंड्री पर बुलडोजर चलने के बाद विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। अब इस मामले में शहर विधायक रितेश गुप्ता भी सामने आ गए हैं। विधायक रितेश गुप्ता ने प्रशासन की कार्रवाई को सही बताया। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि जो लोग सरकारी जमीन पर कब्जा करते हैं, उनके खिलाफ भू-माफिया के तहत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, चाहे वह कोई भी हो। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की साफ नीति है कि सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इसके साथ ही विधायक ने मंडलायुक्त आन्जनेय सिंह को एक चिट्ठी लिखी है। इसमें उन्होंने बताया कि नगर विधानसभा क्षेत्र में सीएम मॉडल कंपोजिट स्कूल बनाने के लिए जमीन तय की गई है, लेकिन कुछ लोग इस जमीन और आसपास की सरकारी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। विधायक ने प्रशासन से ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। बता दें कि 12 मार्च को जिला प्रशासन ने नेशनल हाईवे बाईपास पर पुराने टोल प्लाजा के पास हाईवे किनारे धीमरी गांव के रकबे में बनी मेयर विनोद अग्रवाल और भाजपा नेता अमित चौधरी की बाउंड्रियों को ध्वस्त कर दिया था। दोनों बाउंड्री करीब 20 बीघा जमीन को कवर रही थीं। प्रशासन की जांच में पता चला कि यह सरकारी जमीन थी, जो मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट सीएम मॉडल कंपोजिट स्कूल के लिए रिजर्व की गई थी। लेकिन मेयर विनोद अग्रवाल और भाजपा नेता अमित चौधरी ने यहां बाउंड्री बनाकर इस जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर रखा था। पढ़िए शहर विधायक रितेश गुप्ता का कमिश्नर आन्जनेय सिंह को लिखा गया पत्र-
डीएम ने दोबारा जांच कराई तो भी सरकारी निकली जमीन
12 मार्च को बाउंड्री ध्वस्त किए जाने के बाद भाजपा नेता अमित चौधरी ने तो कोई रिएक्शन नहीं दिया लेकिन भाजपा मेयर विनोद अग्रवाल आगबबूला हो गए थे। मेयर ने कहा था कि उन्होंने 10 साल पहले यह जमीन आजाद समाज पार्टी के नेता हाजी चांद बाबू से खरीदी थी। मेयर ने जमीन के सरकारी नहीं होने का दावा किया था। मेयर के शिकायतें करने के बाद अगले दिन डीएम अनुज सिंह ने खुद मौके पर खड़े होकर दोबारा से पैमाइश कराई थी। दोबारा कराई गई पैमाइश में भी यही बात साबित हुई कि जिस जमीन पर मेयर विनोद अग्रवाल और BJP नेता अमित चौधरी ने बाउंड्री बना रखी है वह सरकारी है। इधर, शहर विधायक के पत्र पर मेयर विनोद अग्रवाल ने मीडिया से कहा है कि उन्हें ऐसे किसी पत्र के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि वह सिर्फ अपनी जमीन चाहते हैं, बाकी किसी बात से उन्हें मतलब नहीं है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *