असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रविवार को कहा कि सुरक्षा बलों ने असम में 19 अवैध प्रवासियों को पकड़ा। सभी को बांग्लादेश वापस भेज दिया है। ये घुसपैठिए नगांव और कार्बी आंगलोंग में अलग-अलग जगहों से पकड़े गए थे। हालांकि, सीएम ने यह नहीं बताया कि उन्हें किस सीमा से वापस भेजा गया। इससे पहले सरमा कई मौकों पर दावा कर चुके हैं कि असम में हर हफ्ते कम से कम 35-40 लोगों को वापस भेजा जा रहा है। आज की अन्य बड़ी खबरें… उत्तराखंड के सभी स्कूलों में अब भगवद गीता अनिवार्य, सीएम धामी ने किया ऐलान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि राज्य के सभी स्कूलों में अब भगवद् गीता के श्लोकों का पाठ अनिवार्य कर दिया गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में मुख्यमंत्री धामी ने कहा- इस पहल का उद्देश्य छात्रों को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और जीवन दर्शन से जोड़ना है, ताकि उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सके। हमारी सरकार ने राज्य के स्कूलों में गीता के श्लोकों का पाठ अनिवार्य किया है। गीता के उपदेश बच्चों में आत्मविश्वास, कर्तव्यबोध और सकारात्मक सोच विकसित करने में मदद करेंगे। दिल्ली एयरपोर्ट मारपीट मामला, पायलट बोला- मेरी परिवार को धमकी दी गई थी दिल्ली एयरपोर्ट पर 19 दिसंबर को ऑफ-ड्यूटी पायलट और पैसेंजर्स के बीच हुई मारपीट में नया खुलासा हुआ है। आरोपी पायलट ने कहा कि, अभी सिर्फ एक पक्ष की बात सामने आई है। दरअसल पैसेंजर्स ने पायलट के खिलाफ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और परिवार को धमकी दी थी। वहीं यात्री ने बताया था कि पायलट ने उसके साथ मारपीट की। जांच पूरी होने तक पायलट को ड्यूटी से हटा दिया गया है। राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने रवींद्रनाथ सामंत को पश्चिम बंगाल के लोकायुक्त नियुक्त किया पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) रवींद्रनाथ सामंत को पश्चिम बंगाल राज्य का लोकायुक्त नियुक्त किया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने VB- G RAM G बिल 2025 को मंजूरी दी, कानून बना राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने VB—G RAM G बिल 2025 को मंजूरी दे दी है। इसी के साथ यह कानून बन गया है। जो मनरेगा कानून की जगह लेगा। इस कानून के तहत 125 दिनों की मजदूरी मिलेगी। क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की, महिला पुलिस इंस्पेक्टर ने पैर में गोली मारी गुजरात के गांधीनगर में क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान भागने की कोशिश कर रहे एक रेप आरोपी राम यादव (40) को महिला पुलिस इंस्पेक्टर ने गोली मार दी। जो उसके पैर में लगी। हालांकि उसकी हालत खतरे से बाहर है।सेक्टर-21 थाने की इंस्पेक्टर लता देसाई ने बताया कि उन्होंने चेतावनी देने के बाद फायरिंग की। यादव ने 15 दिसंबर की रात 4 साल की बच्ची का अपहरण किया था। इसके बाद उसका रेप किया था। दिल्ली में नकली मोबाइल फोन बेचने वाले गिरोह का खुलासा, ब्रांडेड बताकर 30 से 40 हजार में बेचते थे; 4 गिरफ्तार दिल्ली पुलिस ने करोल बाग इलाके में नकली प्रीमियम मोबाइल फोन की अवैध असेंबली और बिक्री में शामिल एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान एक ब्रांड के 512 नकली प्रीमियम स्मार्टफोन बरामद किए गए। इनमें फोल्ड और फ्लिप मॉडल भी शामिल हैं। इसके अलावा बड़ी मात्रा में मोबाइल पार्ट्स और फर्जी IMEI स्टिकर भी जब्त किए गए। जांच में सामने आया कि आरोपी चीन से मंगाए गए स्पेयर पार्ट्स के जरिए हाई-एंड मोबाइल फोन असेंबल कर रहे थे। इन फोन पर “मेड इन वियतनाम” लिखे फर्जी IMEI नंबर चिपकाए जाते थे। इसके बाद इन्हें असली ब्रांडेड मोबाइल बताकर 35,000 से 40,000 रुपए में खुले बाजार में बेचा जाता था। ओडिशा के भुवनेश्वर में 17 साल की नाबालिग से रेप, दो आरोपी गिरफ्तार ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में 17 साल की एक लड़की के साथ रेप का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक घटना 18 दिसंबर को दोपहर करीब 2 बजे शहर के एक किराए के मकान में हुई। पुलिस ने बताया कि दो आरोपियों ने लड़की को बिना उसकी सहमति के यौन उत्पीड़न का शिकार बनाया। आरोप है कि दोनों ने उसे डेटा एंट्री ऑपरेटर की नौकरी का झांसा देकर बातचीत के बहाने मकान में बुलाया था। इस मामले में शहीद नगर थाना में केस दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पिछले 10 दिनों में भुवनेश्वर में यह दूसरा ऐसा मामला है। इससे पहले 10 दिसंबर की शाम शहर के बाहरी इलाके में धालुई पीस पगोडा के पास एक अन्य 17 साल की लड़की के साथ गैंगरेप हुआ था। उस मामले में पुलिस तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और जांच जारी है। मुंबई में नोरा फतेही की कार का एक्सीडेंट, बॉलीवुड एक्ट्रेस को मामूली चोटें आईं मुंबई में बॉलीवुड एक्ट्रेस नोरा फतेही कार हादसे का शिकार हो गईं। एक्ट्रेस को मामूली चोट आई हैं। पुलिस ने बताया कि घटना शुक्रवार दोपहर अंबोली इलाके में लिंक रोड पर हुई। एक कार ने एक्ट्रेस की गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर मारने वाली कार के चालक विनय सकपाल (27) को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारी ने बताया कि हादसे के समय आरोपी के शराब के नशे में होने की आशंका है। सूत्रों के अनुसार, नोरा फतेही सनबर्न म्यूजिक फेस्टिवल में शामिल होने जा रही थीं। प्राथमिक मेडिकल उपचार के बाद वह कार्यक्रम में शामिल हुईं। इंडिगो 26 दिसंबर को यात्रियों को मुआवजा देगी, 10 हजार रुपए के वॉउचर के रूप में पेमेंट होगा एयरलाइन कंपनी इंडिगो 26 दिसंबर से उन यात्रियों को मुआवजा देगी, जो इस महीने की शुरुआत में एयरपोर्ट पर फंसे थे। मुआवजा 10 हजार रुपए के वाउचर के रूप में दिया जाएगा। पहले चरण में उन यात्रियों को भुगतान किया जाएगा, जिन्होंने इंडिगो की वेबसाइट से सीधे टिकट बुक किए थे। 1 से 9 दिसंबर के बीच इंडिगो ने 4,354 उड़ानें रद्द की थीं। प्रति उड़ान औसतन 150 यात्रियों के हिसाब से करीब 3.8 लाख यात्रियों को वाउचर मिल सकता है। इससे कंपनी पर कुल खर्च 376 करोड़ रुपए से अधिक हो सकता है। केरल में चोरी के शक में छत्तीसगढ़ के मजदूर की पीट-पीटकर हत्या केरल के पलक्कड़ जिले में चोरी के शक में एक मजदूर की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पीड़ित राम नारायण छत्तीसगढ़ का रहने वाला था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में उसके पूरे शरीर पर गंभीर चोटें पाई गईं। पुलिस को उसके पास कोई चोरी का सामान नहीं मिला। पूछताछ में पता चला कि वह नौकरी की तलाश में केरल आया था। पुलिस ने पहले 10 लोगों को हिरासत में लिया, लेकिन पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। मुंबई में घर से काला जादू दूर करने के नाम पर महिला से 10 लाख के गहने ठगे मुंबई में एक व्यक्ति के खिलाफ महिला के घर पर काला जादू का असर दूर करने की पूजा कराने के बहाने 10 लाख रुपए के गहने चुराने का मामला दर्ज किया गया है। विले पार्ले पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान रामचंद्र सुतार के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने शिकायतकर्ता से कहा कि उसके परिवार पर काला जादू किया गया है और वह पूजा-पाठ के जरिए इसे खत्म कर सकता है। अक्टूबर में वह महिला के घर गया और पूजा के नाम पर बड़ी रकम ली। बाद में दोबारा आने पर उसने महिला से अपने सभी सोने के गहने एक स्टील के डिब्बे में रखने को कहा। आरोपी ने दावा किया कि इससे परिवार की किस्मत बेहतर होगी और जब तक वह न कहे, डिब्बा न खोला जाए। कुछ समय बाद परिवार में शादी के लिए गहनों की जरूरत पड़ी, तब महिला ने डिब्बा खोला। अंदर गहने नहीं थे। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है और आरोपी की तलाश की जा रही है। दिल्ली में सरकारी नौकरी के नाम पर फर्जी भर्ती परीक्षा कराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रेटेजिक ऑपरेशंस (IFSO) यूनिट ने सरकारी नौकरी के नाम पर फर्जी भर्ती परीक्षा कराने वाले एक गिरोह का खुलासा किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से मोबाइल फोन, लैपटॉप, पासबुक, कंप्यूटर, आईपैड और टैबलेट सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं। डीसीपी विनीत कुमार के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलदीप (30) और पीयूष (25) के रूप में हुई है। कुलदीप एलएलबी का छात्र है, जबकि पीयूष कंप्यूटर साइंस का छात्र है। दोनों आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (ASI) के नाम और बैनर का इस्तेमाल कर सरकारी भर्तियों के फर्जी विज्ञापन चला रहे थे। विज्ञापन में क्यूरेटर के 7 पद और जूनियर असिस्टेंट के 84 पद दिखाए गए थे। आरोपियों ने एक फर्जी वेबसाइट भी बनाई थी, जो सरकारी पोर्टल जैसी दिखती थी। जांच में सामने आया कि करीब 150 उम्मीदवारों को जानबूझकर लिखित परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था। आरोपियों ने जयपुर के एक परीक्षा केंद्र में पेशेवर तरीके से परीक्षा कराई। बैठने की व्यवस्था, प्रश्न पत्रों का प्रारूप और अन्य प्रक्रियाएं सरकारी परीक्षाओं जैसी रखी गई थीं। IFSO यूनिट की समय पर कार्रवाई से यह फर्जीवाड़ा इंटरव्यू चरण से पहले ही पकड़ में आ गया। दिल्ली में फर्जी डिग्रियां बेचने वाला पिता-पुत्र गिरफ्तार दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नामी यूनिवर्सिटी की फर्जी डिग्रियां बनाने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कंपनी के डायरेक्टर पिता-पुत्र समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान आरके गुप्ता, उनके बेटे गीतेश गुप्ता और कर्मचारियों हरीश व जनेंद्र के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने ‘एमले’ नाम से एक कंपनी बना रखी थी। इस कंपनी की शाखाएं देश के अलग-अलग हिस्सों में भी थीं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी अब तक 1000 से ज्यादा लोगों को फर्जी डिग्रियां दे चुके हैं। इनके बैंक खातों में करोड़ों रुपए के लेनदेन की जानकारी भी मिली है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि रोहिणी जिले के डी मॉल में कई यूनिवर्सिटी की फर्जी डिग्रियां बनाई जा रही हैं। इसके बाद पुलिस ने एक युवक को फर्जी छात्र बनाकर भेजा। उसने एमबीए की डिग्री बनवाने की बात की, जिस पर तीन लाख रुपए में सौदा तय हुआ। आरोपियों ने एक महीने में बैक डेट की डिग्री तैयार कर दी। डिग्री मिलने के बाद युवक ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने छापा मारकर कंपनी के ऑफिस से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। महाराष्ट्र की 23 स्थानीय निकायों में मतदान संपन्न, दोपहर तक 47.04% वोट पड़े, 21 को मतगणना महाराष्ट्र की 23 नगर परिषदों और नगर पंचायतों में अध्यक्ष और सदस्यों के पदों के साथ-साथ रिक्त 143 सदस्य पदों के लिए शनिवार को मतदान शाम 5:30 बजे समाप्त हो गया। इन स्थानीय निकायों में पुणे जिले की बारामती और ठाणे जिले की अंबरनाथ प्रमुख हैं। अधिकारियों के अनुसार, मतदान सुबह 7:30 बजे शुरू हुआ था। राज्य निर्वाचन आयोग ने बताया कि दोपहर तक 47.04 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अंतिम मतदान प्रतिशत रविवार को जारी किया जाएगा। नासिक जिले के सिन्नर, ओझर और चांदवड़ के छह वार्डों में 49.47 प्रतिशत मतदान हुआ। सिन्नर के वार्ड नंबर-2 में एक 25 वर्षीय युवक को फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर अपने भाई के नाम पर वोट डालने की कोशिश के आरोप में हिरासत में लिया गया। आयोग के मुताबिक, 2 दिसंबर को हुए मतदान को मिलाकर कुल 286 नगर परिषदों और नगर पंचायतों की मतगणना 21 दिसंबर (रविवार) को सुबह 10 बजे से शुरू होगी। पहले चरण में 263 नगर परिषदों और नगर पंचायतों में मतदान हुआ था। डोंडाइचा नगर परिषद और अंगार नगर पंचायत में अध्यक्ष और सदस्यों के चुनाव निर्विरोध हुए। एक्ट्रेस नोरा फतेही कार हादसे में घायल, टक्कर मारने वाली कार का शराबी ड्राइवर गिरफ्तार मुंबई के अंबोली लिंक रोड पर शुक्रवार दोपहर बॉलीवुड एक्ट्रेस नोरा फतेही की कार को दूसरी कार ने टक्कर मार दी। दूसरी कार का ड्राइवर शराब के नशे में था। पुलिस ने आरोपी विनय सकपाल (27) को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे में नोरा को हल्की चोट लगी। पुलिस के मुताबिक, टक्कर के बाद नोरा को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सीटी स्कैन किया। जांच में किसी गंभीर चोट की पुष्टि नहीं हुई। यह हादसा उस समय हुआ, जब नोरा सनबर्न म्यूजिक फेस्टिवल में शामिल होने के लिए साउथ मुंबई जा रही थीं। नोरा की टीम ने बताया कि उनकी हालत स्थिर है और वे मेडिकल निगरानी में हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। सीबीआई ने रक्षा मंत्रालय के लेफ्टिनेंट कर्नल को रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार किया सीबीआई ने आज रक्षा मंत्रालय के लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा और एक व्यक्ति विनोद कुमार को रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार किया है। दोनों को कोर्ट ने 23 दिसंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। दिल्ली स्थित उनके घर से 3 लाख रुपए और 2.23 लाख रुपए अतिरिक्त नकदी बरामद हुई है। राजस्थान के श्रीगंगानगर में आरोपी के घर से 10 लाख रुपए नकदी और महत्वपूर्ण कागजात जब्त किए गए। सीबीआई ने दिल्ली, श्रीगंगानगर, बेंगलुरु और जम्मू में छापेमारी की। रक्षा उत्पादन विभाग में लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा डिप्टी प्लानिंग ऑफिसर थे। 19 दिसंबर 2025 को गुप्त सूचना के आधार पर केस दर्ज किया गया। पहले 18 दिसंबर को दुबई आधारित कंपनी ने विनोद कुमार के जरिए 3 लाख रुपए रिश्वत दी थी। शर्मा निजी कंपनियों से रिश्वत लेकर रक्षा निर्यात और अनुमतियां दिलवाते थे। बेंगलुरु के राजीव यादव और रवजीत सिंह दुबई कंपनी के प्रतिनिधि थे जो शर्मा से संपर्क में थे।
https://ift.tt/J5pRz4A
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply