भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उभरती खिलाड़ी और जनपद जालौन के ग्राम मिझौना की मूल निवासी वैष्णवी शर्मा का उनके ननिहाल ग्राम परधानी पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ ग्रामीणों ने अपनी होनहार बेटी का उत्साहपूर्वक अभिनंदन किया। ननिहाल में वैष्णवी ने परिवार के बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया और उनके साथ समय बिताया। इस अवसर पर उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और कोच के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने बताया कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और परिवार के सहयोग से ही वह इस मुकाम तक पहुंच पाई हैं। वैष्णवी शर्मा ने अंडर-19 टी-20 विश्व कप में अपनी गेंदबाजी से शानदार प्रदर्शन किया था। भारत ने यह खिताब जीतकर देश का गौरव बढ़ाया था। टूर्नामेंट में उनकी सटीक लाइन-लेंथ और दबाव में विकेट लेने की क्षमता ने उन्हें पहचान दिलाई। इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्हें भारतीय महिला राष्ट्रीय टीम में भी शामिल किया गया है। वैष्णवी का यह सफर एक छोटे गांव से अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने की प्रेरणादायक कहानी है। उनका परिवार वर्तमान में ग्वालियर, मध्य प्रदेश में रहता है, लेकिन जालौन स्थित अपने पैतृक गांव मिझौना और ननिहाल परधानी से उनका गहरा जुड़ाव बना हुआ है। ग्रामीणों ने कहा कि वैष्णवी ने न केवल जिले, बल्कि पूरे प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ी, विशेषकर बेटियों के लिए एक मिसाल हैं। ग्रामीणों को उम्मीद है कि वह भारतीय महिला क्रिकेट टीम में और बेहतर प्रदर्शन कर देश को गौरवान्वित करेंगी।

Leave a Reply