एटा में भारतीय किसान यूनियन (स्वतंत्र) के पदाधिकारी गिहार समाज की बस्ती को उजड़ने से बचाने के लिए आगे आए हैं। उन्होंने कलेक्ट्रेट पहुंचकर उपजिलाधिकारी श्वेता सिंह को एक लिखित ज्ञापन सौंपा है, जिसमें बस्ती को न उजाड़ने की मांग की गई है। यूनियन ने अपनी मांग में कहा है कि गिहार समाज के लोग आजादी से पूर्व से इस बस्ती में रहकर जीवन यापन कर रहे हैं। आरोप है कि सेना द्वारा इस भूमि को अपनी बताकर बार-बार घरों को तोड़ा जाता है और बस्ती को उजाड़ा जाता है। किसान यूनियन के अनुसार, यह भूमि गिहार लोगों को राजा गोविंदराम द्वारा दान में मिली थी। इस प्रकरण से संबंधित एक वाद न्यायालय में भी विचाराधीन है। ज्ञापन में न्याय और समाज हित में बस्ती को न उजाड़ने की अपील की गई है। साथ ही, मांग की गई है कि गिहार समाज के लोगों को अलीगढ़ रोड या कासगंज रोड पर सरकारी भूमि का अधिग्रहण कर पुनः बसाया जाए। यह ज्ञापन देश के प्रधानमंत्री के नाम संबोधित किया गया है। ज्ञापन सौंपने वालों में राहुल, सदानंद, रवि गिहार, नरेश, सोनू, सुनील कुमार, धर्मपाल, अर्जुन और पुजारी लंगुरिया सहित गिहार समाज के बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply