फर्रुखाबाद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थापना दिवस की तैयारियों को लेकर एक बैठक आयोजित की गई। यह बैठक मंगलवार को आवास विकास कॉलोनी स्थित जिला भाजपा कार्यालय पर जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इसमें सभी नवनियुक्त पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और मोर्चा अध्यक्ष शामिल हुए। जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने बताया कि हर साल की तरह 6 अप्रैल को पार्टी का स्थापना दिवस ‘सेवा भाव’ के रूप में मनाया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी की स्थापना 6 अप्रैल 1980 को हुई थी। पार्टी ने अपनी राजनीतिक यात्रा में विषम परिस्थितियों के बावजूद जन कल्याण और जन सेवा के संकल्प के साथ अपनी विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाया है। संगठन की योजना के अनुसार, 5, 6 और 7 अप्रैल को जिला कार्यालय को फूलों, लाइटिंग और रंगोली से सजाया जाएगा। 6 अप्रैल को पार्टी मुख्यालय पर ध्वज फहराया जाएगा और मिष्ठान वितरण किया जाएगा। इस कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, नेता और विचार परिवार के सदस्य आमंत्रित किए जाएंगे। पार्टी की विकास यात्रा से संबंधित प्रदर्शनी भी लगेगी
कार्यालय पर पार्टी की विकास यात्रा से संबंधित एक प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी और उद्बोधन कार्यक्रम होगा। प्रत्येक कार्यकर्ता अपने-अपने घरों पर पार्टी का ध्वज फहराएगा। साथ ही, प्रत्येक बूथ पर पार्टी के प्रेरक महापुरुष पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। 6 और 7 अप्रैल को बूथ स्तर पर प्राथमिक सदस्य, सक्रिय सदस्य और गणमान्य नागरिकों के साथ मिलकर स्थापना दिवस कार्यक्रम मनाया जाएगा। इस दौरान भाजपा की विचारधारा पर संगोष्ठी भी आयोजित की जाएगी। जिला स्तर पर 8 और 9 अप्रैल के मध्य सक्रिय सम्मेलन आयोजित होंगे। 7 से 12 अप्रैल के बीच कार्यकर्ता और पदाधिकारी गांव एवं बस्तियों में भ्रमण करेंगे। वे केंद्र सरकार द्वारा किए गए कार्यों और योजनाओं का प्रचार करेंगे। इस अवधि में उन गांवों में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, समाज के बुद्धिजीवियों और गणमान्य व्यक्तियों का सम्मान कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
उपलब्धियो पर होगी चर्चा
लाभार्थियों से संपर्क करके प्रदेश एवं केंद्र सरकार की योजनाओं व उपलब्धियों पर व्यापक चर्चा करेंगे। यह सभी कार्यक्रम सोशल मीडिया विभाग एवं आईटी सेल विभाग द्वारा सोशल मीडिया के सभी प्लेटफार्म पर पोस्ट किया जाएगा। इन सभी कार्यक्रमों के लिए कार्यक्रम संयोजकों की नियुक्ति की गई है एवं कार्यक्रम स्थलों एवं तारीखों का चयन करके सभी पदाधिकारी को अवगत कराया जाएगा।
भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने कहा- भाजपा की स्थापना के बाद उसकी विकास यात्रा की बारे में संपूर्ण जानकारी प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है।अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने कहा भारत एक समृद्ध और सशक्त राष्ट्र बनाने में भारतीय जनता पार्टी और उसकी सरकार का महत्वपूर्ण योगदान है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में निरंतर भारत विकास के नए-नए आयाम स्थापित कर रहा है। स्थापना दिवस का अवसर प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए एक महत्वपूर्ण दिवस होता है। जिसको पूरे उत्साह के साथ मनाया जाना चाहिए।
इस बैठक का संचालन जिला महामंत्री गोपाल राठौर ने किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित, जिला महामंत्री हिमांशु गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष अनुराग दुबे, अभिषेक बाथम, जितेंद्र सिंह, सर्वेश कुशवाहा, संदेश राजपूत, अशनील दिवाकर जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, जिला कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता, जिला मंत्री अनुराग सिंह, पंकज पाल, मनोज गंगवार, शिव मोहन सिंह, अभिषेक बाजपेई, श्वेता दुबे, प्रतिभा राजपूत एवं जिला कार्यालय प्रभारी संजय सिंह संतोष राजपूत नीरज अवस्थी आदि लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply