भाजपा नेता के फुफेरे भाई की गोली मारकर हत्या:मुरादाबाद में लोको पायलट चयन से चिढ़कर पूर्व प्रधान के बेटे ने मर्डर किया
![]()
भाजपा नेता के फुफेरे भाई की गोली मारकर हत्या:मुरादाबाद में लोको पायलट चयन से चिढ़कर पूर्व प्रधान के बेटे ने मर्डर किया
मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र के उत्तमपुर बहलोलपुर गांव में शनिवार शाम करीब सात बजे भाजपा नेता किशन लाल जाटव के फुफेरे भाई अशोक सागर (25 साल) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अशोक को कनपटी पर गोली मारी गई थी, जिसके बाद उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आरोप है कि पूर्व प्रधान कर्मवीर के बेटे रोहित ने रेलवे में लोको पायलट के पद पर अशोक के चयन से चिढ़कर इस वारदात को अंजाम दिया। मृतक अशोक के पिता सोमपाल सिंह ने बताया कि उनके बेटे का रेलवे में लोको पायलट के पद पर चयन हो गया था और उसे 20 अप्रैल को ट्रेनिंग पर जाना था। इसी बात को लेकर पूर्व प्रधान कर्मवीर और उसका बेटा रोहित अशोक सागर से रंजिश रखते थे। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। घटना शनिवार शाम करीब सात बजे की है, जब अशोक गांव में जीवन सिंह के मकान के पास खड़ा था। इसी दौरान रोहित और उसका पिता कर्मवीर वहां आ गए। रोहित ने तमंचे से अशोक के सिर में गोली मार दी, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर गया। फायरिंग की आवाज सुनकर अशोक के पिता सोमपाल सिंह और उसके भाई शिव कुमार व लवकुश मौके पर पहुंचे। इस बीच आरोपी पिता-पुत्र घटनास्थल से फरार हो गए। परिजन घायल अशोक को तुरंत एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों से पूछताछ जारी है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
