भागलपुर में नगर निगम और प्रशासन की लापरवाही सामने आई है। भोलानाथ पुल के नीचे बारिश न होने के बावजूद भारी जलजमाव से आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। सड़क पर जमा पानी अब केवल असुविधा नहीं, बल्कि रोजमर्रा की आवाजाही के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। पुल के नीचे मुख्य सड़क पर भरे पानी के कारण यातायात लगातार बाधित हो रहा है। हर दिन हजारों लोग इसी रास्ते से गुजरते हैं, जिन्हें मजबूरी में गंदे पानी से होकर निकलना पड़ता है। सबसे अधिक दिक्कत स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुज़ुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है। स्कूल जाने वाले बच्चे यूनिफॉर्म में ही गंदे पानी में चलने को मजबूर हैं, जबकि बाइक सवारों का संतुलन बिगड़ने से आए दिन गिरने की घटनाएं हो रही है। शिकायत के बाद भी समाधान नहीं निकला राहगीर दिलीप ने बताया कि पुल के ऊपर फ्लाईओवर निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन काम की रफ्तार बेहद धीमी है। जल निकासी की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई, जिसका खामियाजा आम जनता भुगत रही है। नगर निगम की ओर से कभी-कभार पानी की निकासी कर दी जाती है। अगले ही दिन सड़क फिर से तालाब में तब्दील हो जाती है। इससे स्पष्ट है कि समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाला जा रहा। दुकानदार सुनीत शाह ने बताया कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। कई बार नगर निगम और प्रशासन से शिकायत की गई। सिर्फ आश्वासन ही मिला है। लोगों में अब आक्रोश बढ़ता जा रहा है। हादसे का डर बना रहता है। समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो कोई बड़ी दुर्घटना भी हो सकती है।
https://ift.tt/pK6xZiO
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply