फिरोजाबाद के थाना लाइन पार क्षेत्र में बाइक को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। उसे बचाने दौड़ी मां भी आग की चपेट में आकर झुलस गईं। मां और बेटे दोनों को गंभीर हालत में सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। यहां उनका उपचार चल रहा है। नगला गिरधारी निवासी 21 वर्षीय आशीष सिंह का अपने भाई अभिषेक से शुक्रवार को बाइक को लेकर विवाद हुआ था। परिजनों ने उस रात मामला शांत करा दिया था, लेकिन विवाद के चलते आशीष ने विषाक्त पदार्थ खा लिया था। शनिवार को दोनों भाइयों के बीच फिर से विवाद छिड़ गया और गाली-गलौज हुई। विवाद बढ़ने पर आशीष ने गुस्से में आकर अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। इससे घर में अफरा-तफरी मच गई। आशीष को बचाने के लिए उसकी मां विनीता देवी दौड़ीं, जिससे वह भी आग से झुलस गईं। घर में चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी इकट्ठा हो गए। मां विनीता देवी ने आनन-फानन में आशीष को सरकारी ट्रामा सेंटर पहुंचाया। चिकित्सकों ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कर लिया है।

Leave a Reply