भदोही के सुरियावा क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित क्लीनिक के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया है। स्वास्थ्य विभाग की जांच में गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया।
भदोही के सुरियावा थाना क्षेत्र में बदलीपुर नहर किनारे सब सेंटर के पास संचालित एक अवैध क्लीनिक के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुरियावा के अधीक्षक अभिषेक नाग की शिकायत पर की गई। बताया गया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) द्वारा कराई गई जांच में क्लीनिक के संचालन में गंभीर अनियमितताएं पाई गई थीं। जांच रिपोर्ट के आधार पर बदलीपुर निवासी सुनील कुमार के खिलाफ अवैध रूप से क्लीनिक चलाने के आरोप में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस क्लीनिक को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। स्वास्थ्य विभाग की जांच और पुलिस कार्रवाई के बाद मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। थाना प्रभारी मनीष द्विवेदी ने बताया- अवैध रूप से संचालित क्लीनिक के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है।

Leave a Reply