एटा के मारहरा थाना क्षेत्र में दिल्ली के उत्तम नगर में हुए तरुण हत्याकांड से जुड़े विवाद के बाद एक भड़काऊ वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। इस वीडियो में ‘पुष्पा 2’ फिल्म का एक धमकी भरा डायलॉग शामिल था। वीडियो में ‘छोटी सी एक खरोंच भी आई तो जैसे बकरे की बली दी जाती ऐसे रब्बा रब्बा काटूंगा’ जैसे धमकी भरे शब्द थे। यह वीडियो कथित तौर पर 21 मार्च को अपलोड किया गया था और तेजी से वायरल हो गया, जिससे सोशल मीडिया पर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठने लगी। वीडियो वायरल होने और सोशल मीडिया पर बढ़ते दबाव के बाद पुलिस हरकत में आई। सोमवार को पुलिस ने कस्बा के काजी मोहल्ला निवासी उवेश पुत्र चांद मियां और मोहल्ला गफूर गंज निवासी शोएब पुत्र हमीद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थाना प्रभारी मारहरा के.के. लोधी ने बताया कि इन युवकों ने भड़काऊ डायलॉग वाली रील अपलोड कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की थी। आरोपियों की पहचान वीडियो के आधार पर की गई और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्यवाही की गई है।

Leave a Reply