भगवान की तस्वीर के साथ रील बनाकर किया पोस्ट:शाहजहांपुर में हिंदूवादी संगठन ने युवकों से मंदिर में लगवाई उठक-बैठक, माफी मंगवाई
![]()
भगवान की तस्वीर के साथ रील बनाकर किया पोस्ट:शाहजहांपुर में हिंदूवादी संगठन ने युवकों से मंदिर में लगवाई उठक-बैठक, माफी मंगवाई
शाहजहांपुर में दो युवकों द्वारा भगवान की तस्वीर के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। वीडियो वायरल होने के बाद आक्रोशित हिंदूवादी संगठन के लोग गांव पहुंचे और युवकों को पकड़ लिया। उन्हें मंदिर ले जाकर उठक-बैठक लगवाई और माफी मंगवाई। इस घटना के कई वीडियो सामने आए हैं, जिस पर पुलिस मामले की जानकारी कर रही है। यह घटना निगोही थाना क्षेत्र के चौड़ेरा गांव की बताई जा रही है। बताया गया कि गांव के दो युवकों ने भगवान हनुमानजी की तस्वीर के साथ मजाकियां अंदाज में एक रील बनाई और उसे सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद हिंदूवादी संगठन के सदस्य चौड़ेरा गांव पहुंचे और युवकों की पहचान की।
आक्रोशित लोग दोनों युवकों को हनुमान मंदिर ले गए। वहां उनसे अपनी गलती के लिए उठक-बैठक लगवाई गई और ‘जय श्री राम’ बोलने को कहा गया। युवकों ने उठक-बैठक लगाते हुए ‘जय श्री राम’ बोला। कुछ लोगों ने उन्हें पीटने का प्रयास किया, लेकिन अन्य लोगों ने हस्तक्षेप कर उन्हें बचा लिया।
इस दौरान, आक्रोशित लोगों ने युवकों को धमकी भी दी और कुछ ने उन्हें समझाया कि क्षेत्र में मुस्लिम समुदाय के लोग भी रहते हैं, लेकिन वे ऐसी हरकतें नहीं करते। युवकों ने माफी मांगी और भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने का आश्वासन दिया। निगोही थाना प्रभारी ने बताया कि चौड़ेरा गांव उनके थाना क्षेत्र में आता है, लेकिन उन्हें इस घटना की कोई जानकारी नहीं है और न ही थाने में कोई शिकायत दर्ज कराई गई है। वहीं, एसपी सौरभ दीक्षित ने कहा कि वे प्रकरण की जानकारी कर रहे हैं।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
