DniNews.Live

बैलगाड़ी से भिड़ीं दो बाइक, दो युवकों की मौत:बांदा में तेरहवीं से लौटते समय हादसा, एक महिला घायल

बांदा के जसपुरा क्षेत्र और पैलानी थाना क्षेत्र के पियासी डेरा के पास सोमवार देर रात एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। सभी लोग तेरहवीं के कार्यक्रम से लौट रहे थे। मृतकों की पहचान फतेहपुर जिले के धनवन डेरा थाना ललौली निवासी संदीप (18) पुत्र लखन और कालका प्रसाद (26) पुत्र मेवालाल के रूप में हुई है। घायल महिला किरन देवी (35) पत्नी रमाशंकर, पियासी डेरा, थाना पैलानी क्षेत्र की निवासी हैं। उनके साथ समस्तपुर, फतेहपुर की ममता (35) पत्नी नरेश और पूनम पुत्री मेवालाल भी थीं। जानकारी के अनुसार, ये सभी लोग सुबह चंदवारा गांव में एक तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। सोमवार रात करीब 9 बजे वे दो बाइकों से अपने गांव लौट रहे थे। पियासी डेरा के पास सामने से आ रही एक बैलगाड़ी से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। सूचना मिलने पर 102 एंबुलेंस के चालक जितेंद्र कुमार ने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुरा पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने संदीप और कालका प्रसाद को मृत घोषित कर दिया। किरन देवी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बांदा रेफर कर दिया गया। मृतक कालका प्रसाद अपने पीछे पत्नी श्यामकली, एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। संदीप अपने चार भाइयों और तीन बहनों में तीसरे नंबर पर था और बाहर रहकर मजदूरी करता था। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजेश कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर और सीएचसी अस्पताल जसपुरा पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बांदा भेज दिया है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *