जालौन के एट कोतवाली क्षेत्र के बैरागढ़ मंदिर परिसर में गुरुवार देर शाम अचानक अफरा-तफरी मच गई। जब एक दुकान में रखा गैस सिलेंडर आग के हवाले हो गया। मेला परिसर में मौजूद श्रद्धालु और दुकानदार अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुकान में रखे सिलेंडर से अचानक तेज लपटें उठीं, जिससे आसपास की दुकानों में आग फैलने का खतरा उत्पन्न हो गया। स्थिति गंभीर होते देख, दुकानदार और स्थानीय लोगों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूझबूझ के चलते आग पर काबू पा लिया गया और बड़े हादसे को टाला जा सका।
सौभाग्य से इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दुकान में रखा कुछ सामान जलकर खाक हो गया। घटना की सूचना पाते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में गैस रिसाव को आग लगने का मुख्य कारण माना जा रहा है। मेला परिसर में इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि भविष्य में ऐसे आयोजनों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply