मेरठ के बहसूमा कस्बे में शहीद स्मारक और मंदिर के पास शराब का ठेका खोले जाने के विरोध में ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने ठेके को आबादी क्षेत्र से हटाने की मांग करते हुए बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। ग्रामीणों के अनुसार, यह शराब का ठेका बहसूमा कस्बे के मैन रोड कैलाशपुरी में स्थित है। यह आबादी क्षेत्र में है और इसका आवंटन नियमों के विरुद्ध हुआ है। ठेके के ठीक पीछे जहार दीवान का मंदिर है, जहां महिलाएं और श्रद्धालु रोजाना पूजा-अर्चना के लिए आते हैं। इसके बराबर में शहीद भगत सिंह की प्रतिमा (स्मारक) भी है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेके के कारण क्षेत्र का माहौल खराब हो गया है। शराब पीने वाले लोग अक्सर झगड़ा करते हैं, गाली-गलौज करते हैं, सार्वजनिक स्थानों पर पेशाब करते हैं और घर की लड़कियों व महिलाओं के साथ बदतमीजी करते हैं। इससे बच्चों पर भी गलत प्रभाव पड़ रहा है और सामाजिक ताना-बाना बिगड़ रहा है। प्रदर्शन करने वालों में नरेश सिंघल, महेश सिंघल, बिट्टू अहलावत, धीरज अहलावत, लोकेन्द्र मास्टर, जितेन्द्र, सतेन्द्र, ज्ञानेन्द्र, सचिन, निखिल, दिवस, मोहित, सोनू, मोनू, साधना, नीतू सहित बहसूमा के कई निवासी शामिल थे। उन्होंने जिलाधिकारी से ठेके को तत्काल अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की अपील की। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समस्या समाधान का आश्वासन दिया, लेकिन ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि ठेका नहीं हटाया गया तो वे एक बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे।

Leave a Reply