बेतिया के शिकारपुर थाना क्षेत्र में कतराहा नदी पुल के पास एक तेज रफ्तार बोलेरो की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। इस दुर्घटना में एक अन्य किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा तब हुआ जब दोनों किसान अपने खेत की रखवाली कर साइकिल से घर लौट रहे थे। मृतक की पहचान पुरुषोत्तमपुर थाना क्षेत्र के भेड़िहारी वार्ड संख्या छह निवासी स्वर्गीय दानिश शेख के पुत्र शेख सगीर (40) के रूप में हुई है। वहीं, इसी वार्ड के निवासी अंसारुल शेख (35) इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायल अंसारुल शेख का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शेख सगीर और अंसारुल शेख धान के खेत की रखवाली कर शाम को अपनी-अपनी साइकिल से घर लौट रहे थे। कतराहा नदी पुल के पास पहुंचते ही पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बोलेरो ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शेख सगीर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अंसारुल शेख सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने घायल किसान को अस्पताल पहुंचाया घटनास्थल पर आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत जमा हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल किसान को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर शिकारपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और बोलेरो वाहन को जब्त कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। शेख सगीर अपने पीछे एक पुत्री मुस्कान खातून (12) और चार पुत्र मोहम्मद शादिल (18), साजिद अख्तर (15), मोहम्मद खुर्शीद (13) तथा मोहम्मद एजाज (5) छोड़ गए हैं। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
https://ift.tt/AWtif3n
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply