बुलंदशहर में नवरात्रि के दौरान कुट्टू का आटा खाने से कई लोगों के बीमार होने की घटना के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के सहायक आयुक्त विनीत कुमार की अगुवाई में तीन टीमों का गठन कर व्यापक जांच अभियान शुरू किया गया। जांच टीमों ने सबसे पहले जिला अस्पताल पहुंचकर बीमार मरीजों से पूछताछ की। मरीजों से मिली जानकारी के आधार पर उन दुकानों और गोदामों पर छापेमारी की गई, जहां से कुट्टू का आटा खरीदा गया था। अनूपशहर रोड स्थित एक ट्रेडिंग कंपनी से 6 किलो कुट्टू बरामद कर उसके नमूने लिए गए, जबकि शेष माल को सीज कर दिया गया। इसी क्रम में, वासु किराना स्टोर से 40 पैकेट (प्रत्येक 250 ग्राम) और 20 किलो साबुत कुट्टू जब्त किया गया। यहां से भी नमूने लेकर शेष सामग्री को सीज कर दिया गया। शिकारपुर बाईपास पर स्थित एक अन्य स्टोर से भी कुट्टू के आटे का नमूना लिया गया। दुकानदारों से पूछताछ में पता चला कि यह माल फतहगंज स्थित एक फर्म से खरीदा गया था। टीम ने तुरंत फतहगंज पहुंचकर जांच की और वहां से 350 किलो कुट्टू सीज कर दिया। इसके अतिरिक्त, अन्य कई दुकानों से भी कुट्टू के नमूने एकत्र किए गए। कुल मिलाकर, 6 अलग-अलग स्थानों से कुट्टू के 10 नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। इस अभियान के दौरान लगभग 400 किलो कुट्टू, जिसकी अनुमानित कीमत 45 हजार रुपये है, जब्त किया गया है। प्रशासन ने संबंधित फर्मों से जुड़ी जानकारी गाजियाबाद खाद्य विभाग को भी भेज दी है ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply