विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) निशा ग्रेवाल की अध्यक्षता में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वर्ष 2025 तक टीबी मुक्त घोषित की गई 107 ग्राम पंचायतों के प्रधानों को सम्मानित किया गया। साथ ही, 11 क्षय रोगियों को पोषण पोटली भी वितरित की गई। सम्मानित की गई ग्राम पंचायतों में 88 कांस्य, 15 रजत और 4 स्वर्ण श्रेणी की पंचायतें शामिल थीं। इन प्रधानों को महात्मा गांधी की प्रतिमा और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पोषण पोटली का वितरण मुख्य विकास अधिकारी, नरौरा परमाणु विद्युत केंद्र के एचआर हेड आशुतोष तिवारी और एपीआरओ भास्कर शर्मा ने किया। कार्यक्रम में नरौरा परमाणु विद्युत केंद्र को भी सम्मानित किया गया। उन्हें प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान (निक्षय मित्र पहल) के तहत पूरे जनपद के सभी क्षय रोगियों को गोद लेने के उपलक्ष्य में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र और सम्मान प्रतीक प्रदान किया गया। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील सिंह ने उपस्थित सभी प्रधानों को अपनी ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त बनाने के प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. हेमंत रस्तोगी ने नरौरा परमाणु विद्युत केंद्र का आभार जताते हुए भविष्य में भी क्षय रोगियों को गोद लेकर पोषण वितरण जारी रखने की आशा व्यक्त की। इस अवसर पर डॉ. विवेक सिंह, डॉ. आशीष मुदगल, योगेश पुण्डीर, सौरभ तेवतिया, राजकुमार शर्मा, हिमानी शर्मा और कंचन त्यागी सहित कई अन्य अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply