बुलंदशहर के शिकारपुर तहसील क्षेत्र में एक रोडवेज बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। यह घटना कैलावन गांव के पास एक पेट्रोल पंप के निकट हुई। हादसे में किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई, हालांकि कुछ को मामूली चोटें लगी हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह हादसा उस समय हुआ जब बस के सामने अचानक एक मोटरसाइकिल आ गई। मोटरसाइकिल सवार चौधरी हरवीर (70) निवासी टिचर कॉलोनी, शिकारपुर से जटपुरा की ओर जा रहे थे। वे पेट्रोल डलवाने के लिए अपनी मोटरसाइकिल मोड़ रहे थे।
मोटरसाइकिल को बचाने के प्रयास में बस चालक ने अचानक ब्रेक लगाए और स्टीयरिंग घुमा दिया। इस दौरान बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त बस में लगभग 55 से 60 यात्री सवार थे। मामूली रूप से घायल हुए कुछ यात्रियों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सलेमपुर एसओ नितिन चावला से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका सीयूजी नंबर नहीं लग सका। खबर लिखे जाने तक रोडवेज बस खाई में ही पड़ी हुई थी।

Leave a Reply