![]()
बुलंदशहर में मौसम बदला, बारिश से तापमान गिरा:ठंडी हवाओं के साथ बारिश, जनजीवन और बाजार प्रभावित
बुलंदशहर में बुधवार देर शाम मौसम में अचानक बदलाव आया, जिसका असर गुरुवार सुबह से देखा गया। ठंडी हवाओं के साथ बारिश शुरू होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। गुरुवार सुबह से मौसम में ठंडक बनी रही और करीब 11 बजे हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई। कुछ देर बाद तेज हवाओं के साथ भारी बारिश भी हुई, जिससे अचानक मौसम ठंडा हो गया। मौसम में इस बदलाव के कारण बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 17 डिग्री सेल्सियस रहा। तेज हवा और बारिश के चलते बाजारों में लोगों की आवाजाही कम हो गई। ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश का असर दिखा, जहां खेतों में काम कर रहे किसानों को अचानक मौसम खराब होने के कारण अपना काम रोकना पड़ा। हालांकि, इस मौसमी बदलाव से गर्मी से जूझ रहे लोगों को कुछ राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, क्षेत्र में मौसम का मिजाज अभी बदला हुआ रह सकता है। विभाग ने शुक्रवार को भी हल्की बूंदाबांदी या छिटपुट बारिश की संभावना जताई है। बादलों की आवाजाही जारी रहने से तापमान में और गिरावट आने की उम्मीद है। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को तेज हवा और आंधी के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। विशेष रूप से खुले स्थानों पर खड़े वाहनों, बिजली के खंभों और पेड़ों के पास न रुकने की हिदायत दी गई है।
Sourse: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply