बुलंदशहर में दोस्तों ने ही अपने साथी की हत्या कर शव को जमीन में गाड़ दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सिकंदराबाद क्षेत्र के जंगल से शव बरामद कर लिया है। मृतक की पहचान 24 वर्षीय साक्षर निवासी देवीपुरा, नगर क्षेत्र के रूप में हुई है। वह कई दिन से लापता था। परिजनों ने उसकी तलाश के बाद पुलिस को सूचना दी। इसके बाद जांच शुरू की गई। पुलिस के अनुसार, साक्षर कौशिक का दोस्त देवेश 30 मार्च को उसके घर पहुंचा और उसे अपने साथ ले गया था। देवीपुरा के एक सीसीटीवी कैमरे में करीब 10:48 बजे दोनों साथ जाते हुए भी कैद हुए हैं। इसके बाद साक्षर घर नहीं लौटा। मंगलवार को साक्षर के परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी, जिसके बाद पुलिस ने देवेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या कर शव को जमीन में गाड़ने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने दो दोस्तों दीपक और शुभम के साथ मिलकर चंदेरु गांव स्थित बाग में शराब पार्टी की थी। पार्टी के दौरान साक्षर से विवाद हो गया, जिसके बाद तीनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। शव को जमीन में दबा दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मौके पर पहुंचकर खुदाई कर शव को बरामद किया। घटना की सूचना मिलते ही नगर और सिकंदराबाद पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि शव गलने लगा था, इसलिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

Leave a Reply