बुलंदशहर में एक पिता ने टॉफी चुराने पर बच्ची को पीट-पीटकर मार डाला। मां ने बचाने की कोशिश की तो उसे भी पीटा और चुप रहने की धमकी दी। दरवाजा अंदर से बंद कर लिया, जिससे किसी को शक न हो। हत्या के बाद पत्नी और बच्चों के साथ काफी देर तक लाश के पास बैठा रहा। फिर सुबह सबको कमरे में बंद करके फरार हो गया। मां ने किसी तरह शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। पड़ोसियों ने जब दरवाजा खुलवाया तो घटना की जानकारी हुई। इसके बाद भी मां ने पुलिस को नहीं बताया। घर में अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी तभी किसी और से जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना डिबाई क्षेत्र के रतनपुर गांव का है। पहले 2 तस्वीरें देखिए… अब जानिए पूरा घटनाक्रम… रतनपुर गांव के रहने वाले पुष्पेंद्र उर्फ पप्पू दूध बेचने और खरीदने का काम करता है। परिवार में पत्नी आरती के अलावा 4 बच्चे दो लड़कियां और दो लड़के हैं। पूजा (12) सबसे बड़ी बेटी थी और प्राइमरी स्कूल में कक्षा 6 की छात्रा थी। दूसरी बेटी हेमलता (6), बेटा कृष्णा (4) और सबसे छोटा बेटा लवकुश (2) हैं। गुरुवार देर शाम को दुकानदार ने पुष्पेंद्र से इसकी शिकायत की थी। पुष्पेंद्र आग बबूला होकर अपने घर पहुंचा और डंडे से अपनी बेटी की पिटाई करने लगा।। पहले उसने बेटी से काफी देर तक पूछताछ की, लेकिन वह मना करती रही। इससे पिता ने आपा खो दिया। चोरी कुबूल न करने पर बढ़ता गया गुस्सा बेटी इसके बाद भी चोरी करने से मना करती रही तो पिता का गुस्सा बढ़ता गया। मां ने बच्ची को बचाने की कोशिश की तो पुष्पेंद्र ने उसे भी पीट दिया। किसी को पता न चले इसके लिए उसने दरवाजा अंदर से बंद किया और बच्चों व पत्नी को चुप रहने की धमकी दी। लाश के साथ बैठा रहा परिवार इसके बाद उसने डंडे से बेरहमी से पूजा को पीटा। वो चिल्लाती रही लेकिन आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। बेरहमी से पिटाई में डंडा सिर पर लगा और पूजा मौके पर ही गिर गई। जैसे ही आरोपी को उसके मरने का पता चला उसने सबको चुप कराया और काफी देर तक बैठा रहा। शुक्रवार भोर में दरवाजा बाहर से बंद करके फरार हो गया। पड़ोसियों से खुलवाया दरवाजा आरती ने किसी तरह ग्रामीणों की मदद से दरवाजा खुलवाया, तब घटना का खुलासा हुआ। इसके बाद पत्नी ने भी घटना की जानकारी पुलिस को नहीं दी। घर में अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। तभी किसी ने घटना की जानकारी पुलिस को दे दी। नरोरा थाना प्रभारी गंगा प्रसाद आर्य मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक टीम बुलाई गई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। देर शाम अंतिम संस्कार के बाद घटना का केस लिखा गया। टॉफी का डिब्बा चुरा लाई थी, पति ने मार डाला मां आरती ने बताया कि पूजा दुकान से कुछ सामान खरीदने गई थी, वहां से एक टॉफी का डिब्बा दुकान से चुरा लाई थी। इसके पापा घर आए तो उन्हें पता चला कि डिब्बा चुरा लाई है। उन्होंने डंडे से मार दिया। थोड़ी बहुत सांसे चल रही थीं। मैं पूजा के कपड़े बदलने लगी तभी इसने दम तोड़ दिया। मुझे लगा कि वह पिटाई की वजह से ऐसे ही पड़ी है। इसके पापा ने कहा लाओ डंडा, मैंने कहा अब मत मारो। इसको जब देखा तो यह मर गई थी। मेरे पास फोन नहीं था कि नहीं तो सबको बता देती। पति अंदर ही थे और उन्होंने अंदर से ताला लगा दिया। इसके बाद बाहर से बंद करके भाग गए। बच्ची के अंतिम संस्कार के बाद दर्ज हुआ केस घटना के बाद शुक्रवार को पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम के साथ जांच शुरू की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। शुक्रवार देर शाम मासूम का अंतिम संस्कार गमगीन माहौल में कर दिया गया। गांव में हर आंख नम है और लोगों में आरोपी के प्रति भारी आक्रोश व्याप्त है। शुक्रवार की रात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। थाना प्रभारी गंगा प्रसाद आर्य ने बताया कि- प्रथम दृष्टया डंडे से लगी गंभीर चोटों के कारण बालिका की मौत का होना सामने आया है। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। ———————————– यह खबर भी पढ़ें… 8 साल की बच्ची का हत्यारोपी किराएदार एनकाउंटर में ढेर:आगरा में मकान मालिक से बदला लेने के लिए वारदात की, लाश कनस्तर में ठूंसी थी आगरा में कारोबारी मकान मालिक की 8 साल की बच्ची की हत्या का आरोपी किराएदार शनिवार तड़के 3 बजे एनकाउंटर में ढेर हो गया। DCP सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि शुक्रवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि हत्यारोपी फिरोजाबाद भागने की फिराक में है। उन्होंने बताया- पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी फायरिंग करने लगा। इसमें एक दरोगा को गोली लग गई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी को भी गोली लग गई। पढ़ें पूरी खबर…

Leave a Reply