बुलंदशहर में मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले में पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज न करने का आरोप लगाते हुए एक युवक ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। पीड़ित का कहना है कि उसकी चोरी हुई बाइक से लगातार ट्रैफिक चालान कट रहे हैं, जिससे वह परेशान है। अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा ग्राम अडौली निवासी बृजेश लोधी पुत्र तिलोक सिंह ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में प्रार्थना पत्र देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि 11 जनवरी 2024 को वह अपनी मोटरसाइकिल से ग्राम जुनेपुरा स्थित एक पैठ बाजार गए थे। उन्होंने अपनी बाइक सड़क किनारे खड़ी की थी, लेकिन वापस लौटने पर वह गायब मिली। पीड़ित का आरोप है कि उन्होंने घटना के संबंध में थाना कोतवाली देहात में शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने आज तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इस बीच, उनकी चोरी हुई मोटरसाइकिल से गाजियाबाद और नोएडा क्षेत्रों में लगातार ट्रैफिक चालान कटने के संदेश उनके मोबाइल पर आ रहे हैं। न्यायालय से गुहार लगाई बृजेश लोधी ने बताया कि उन्होंने 6 फरवरी 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भी शिकायत भेजी थी, लेकिन उस पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब पीड़ित ने न्यायालय से गुहार लगाई है कि थाना कोतवाली देहात पुलिस को अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने और उचित कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाएं।

Leave a Reply