DniNews.Live

बुलंदशहर में चांद का दीदार हुआ, कल मनेगी ईद:सुबह 8 बजे पढ़ी जाएगी ईद-उल-फितर की नमाज, उलेमाओं ने कहा- सौहार्द बनाए रखें

बुलंदशहर में रमजान के पाक महीने के समापन पर शुक्रवार शाम चांद का दीदार होते ही ईद-उल-फितर मनाने की घोषणा कर दी गई। चांद नजर आते ही लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई और एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद देने का सिलसिला शुरू हो गया। ईद को लेकर बाजारों में देर रात तक रौनक रही, जहां लोगों ने कपड़े, जूते और मिठाइयों की जमकर खरीदारी की। बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। ईदगाह और प्रमुख मस्जिदों के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया है। साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त किया गया है, ताकि नमाज अदा करने आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। शहर के उलेमा और धर्मगुरुओं ने सभी से भाईचारे और शांति के साथ ईद मनाने की अपील की है। ईद-उल-फितर की नमाज़ बुलंदशहर ईदगाह में शनिवार को सुबह 8 बजे अदा की जाएगी। ईदगाह कमेटी बुलंदशहर के संयुक्त सचिव/प्रवक्ता हाजी नूर मोहम्मद कुरैशी ने यह जानकारी दी। शहर की अन्य प्रमुख मस्जिदों में नमाज का समय इस प्रकार है: जामा मस्जिद में सुबह 8:30 बजे, काली मस्जिद में 8:15 बजे, मुस्लिम इंटर कॉलेज मस्जिद में 8:30 बजे, मस्जिद कचहरी में 8:30 बजे, अस्पताल के सामने वाली मस्जिद में 8:15 बजे, कसाईवाड़ा मस्जिद में 7:30 बजे और अबुबकर मस्जिद में 7:45 बजे नमाज अदा की जाएगी। शहर काजी मौलाना मोहम्मद ओसामा कासमी ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार के सख्त आदेश हैं कि ईद-उल-फितर की नमाज ईदगाह और मस्जिदों की बाउंड्री के अंदर ही पढ़ी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि ईदगाह या मस्जिद के बाहर सड़क पर नमाज पढ़ने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसलिए, उन्होंने सभी से समय से ईदगाह और मस्जिदों में पहुंचकर नमाज अदा करने की अपील की।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *