बुलंदशहर के कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित मिर्जापुर गांव में खेलते समय एक बच्चा निर्माणाधीन मकान के पिलर पर गिर गया। इस हादसे में लोहे का सरिया बच्चे के गले के आरपार हो गया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल से हायर सेंटर रेफर किया गया है। बच्चे की पहचान राजकुमार के 10 वर्षीय पुत्र ऋषभ के रूप में हुई है। यह घटना सुबह उस समय हुई जब ऋषभ गांव के अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। खेलते-खेलते वह एक निर्माणाधीन प्लॉट में अपनी बॉल लेने चला गया। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह पिलर पर जा गिरा, जिससे पिलर में निकला सरिया उसके गले में घुस गया। घटना के बाद बच्चे की चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तुरंत गैस कटर की मदद से सरिया काटा और बच्चे को लेकर सीधे जिला अस्पताल पहुंचे। जिला अस्पताल में बच्चे को प्राथमिक उपचार दिया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. प्रदीप राणा ने बताया कि बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे आगे के इलाज के लिए भेजा गया है।

Leave a Reply